मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों कांस्टेबल के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने के निर्देश जारी किए। अब सीएम धामी से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद पुलिस विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में जल्द 1000 कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी। विभाग जल्द ही भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेज देगा। उत्तराखंड में इस समय कांस्टेबल के 2300 पद रिक्त हैं। इनमें से 1521 पदों को भरने के लिए इसी वर्ष जनवरी में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। भर्ती में शामिल हुए आवेदकों की शारीरिक जांच की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं पेपर लीक प्रकरण के चलते कुछ लिखित परीक्षा अब तक नहीं हो पाई है। विभाग जल्द ही यह परीक्षा कराने की बात कह रहा है। कांस्टेबल के 1521 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले से गतिमान है। मुख्यमंत्री ने इसके अतिरिक्त 1000 पदों पर भी जल्द भर्ती करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।