उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजीज कुरैशी का निधन
उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजीज कुरैशी का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। वो 83 वर्ष के थे। अजीज कुरैशी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और आज भोपाल के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। आज शाम को ही उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
अजीज कुरैशी का जन्म 24 अप्रैल, 1941 को भोपाल में हुआ था। उन्होंने उत्तराखंड सहित यूपी और मिजोरम के राज्यपाल के रूप में कार्य किया था।
अजीज कुरैशी को 24 जनवरी, 2020 को मध्य प्रदेश की तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने एमपी उर्दू अकादमी का अध्यक्ष नियुक्त किया था। 1973 में वो एमपी के कैबिनेट मंत्री भी रहे और 1984 में मध्य प्रदेश के सतना लोकसभा सीट से वो सांसद भी रहे।
उनके निधन पर तमाम राजनीतिक हस्तियों ने गहरा शोक प्रकट किया है।